नई दिल्ली. दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ-विवादित बयान देने के मामले में गुरुवार को चुनाव आयोग ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की। अनुराग के प्रचार करने पर 3 दिन और प्रवेश पर 4 दिन का प्रतिबंध लगाया। इससे पहले आयोग ने 28 जनवरी को दोनों को नोटिस जारी कर विवादित भाषण पर गुरुवार तक जवाब मांगा था। बुधवार को दोनों नेताओं को भाजपा के स्टार प्रचारकों की लिस्ट से बाहर करने का भी निर्देश दिया था।
क्या कहा: इस रैली के वायरल वीडियो में अनुराग ठाकुर कहते हुए सुनाई दे रहे हैं "देश के गद्दारों को.....'।
कहां कहा: रिठाला रैली
कब कहा: 27 जनवरी
क्या कार्रवाई: 3 दिन चुनाव प्रचार नहीं कर पाएंगे।
क्या कहा: "शाहीन बाग में लाखों लोग जमा हैं। दिल्ली की जनता को सोच-विचारकर ही फैसला लेना चाहिए। वे आपके घरों में घुस जाएंगे, आपकी मां-बहनों से दुष्कर्म करेंगे और उन्हें मार देंगे। अगर भाजपा सरकार बनी तो सभी मस्जिदें हटवा दूंगा, शाहीन बाग भी एक घंटे में खाली होगा।"
कहां कहा: एक इंटरव्यू में
कब कहा: 28 जनवरी
क्या कार्रवाई: 4 दिन चुनाव प्रचार नहीं कर पाएंगे।
कपिल मिश्रा ने कहा था- 8 फरवरी को सड़कों पर भारत-पाकिस्तान का मुकाबला होगा
दिल्ली की मॉडल टाउन विधानसभा से भाजपा के प्रत्याशी कपिल मिश्रा पर चुनाव आयोग पहले ही 48 घंटे का बैन लगा चुका है। मिश्रा पर यह बैन लगने की वजह उनके द्वारा किया गया एक ट्वीट है। ट्वीट में उन्होंने कहा था कि 8 फरवरी को दिल्ली की सड़कों पर भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा। आयोग ने इस पर कपिल को नोटिस भेजा था और इसके बाद उन पर प्रतिबंध लगाया था।